भारत का अदभुत् मंदिर यहां होती है भगवान शिव के मुख की पूजा…

भारत के लोगों में हिन्दू धर्म के प्रति अथाह श्रद्धा व आस्था है। इसीलिए भारत के हर राज्य में आपको भव्य मंदिरों के दर्शन होंगे। भारत का पहाड़ी राज्य उत्तराखंड भी आध्यात्म का केन्द्र है। उत्तराखंड में केदारनाथ व बदरीनाथ धार्मिक स्थलों पर भगवान के साक्षात दर्शन होते हैं। आज हम आपको उत्तराखंड में स्थित भोलेनाथ के एक ऐसे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं जो अति प्राचीन व भोलेनाथ के भक्तों की आस्था का केन्द्र है।

इसे भी देखें..जानिए कहां पर.. मां काली देवी ने पहलवान का रूप धारण कर.. किया था राक्षसों का वध

रुद्रनाथ मंदिर

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है रुद्रनाथ मंदिर। यह प्राचीन मंदिर पंच केदारों में से एक केदार कहलाता है। भगवान शिव को समर्पित रुद्रनाथ मंदिर समुद्रतल से 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस मंदिर में भगवान शिव के मुख की पूजा होती है। और हैरान करने वाली बात यह है कि भगवान शिव के मुख को छोड़कर बाकी शरीर की पूजा नेपाल के काठमांडू में की जाती है। यह स्थान पशुपतिनाथ मंदिर के नाम से विख्यात है। रुद्रनाथ मंदिर देश के अन्य शिव मंदिरों से इस लिए भी अलग है क्योंकि अन्य शिव मंदिरों में जहां भगवान शिव के लिंग की पूजा की जाती है वहीं इस मंदिर में भगवान शिव के मुख की पूजा होती है। इस मंदिर में स्थापित भगवान शिव के मुख को ‘नीलकंठ महादेव’ कहा जाता है।

क्यों कहा जाता है पंचकेदार

कहा जाता है कि महाभारत के युद्ध के बाद पांडव अपने पाप से मुक्ति पाना चाहते थे इसलिए भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को भगवान शंकर की शरण में जाने की सलाह दी। लेकिन अपने ही कुल का नाश करने के कारण भगवान शिव पांडवो से नाराज थे। जब पांडव वाराणसी पहुँचे तो भगवान शिव गुप्तकाशी में आकर छिप गए। पांडवों के गुप्तकाशी पहुंचने पर भोलेनाथ केदारनाथ पहुँच गए और बैल का रूप धारण कर लिया। इसके बाद पांडवो ने भगवान शिव से आर्शीवाद प्राप्त किया। मान्यता है कि जब भगवान शंकर बैल के रूप में अंतर्ध्यान हुए तो उनके धड़ का ऊपरी हिस्सा “काठमाण्डू” में प्रकट हुआ, जिसे पशुपतिनाथ कहा जाता है। साथ ही भगवान शिव की भुजाओं का तुंगनाथ में, नाभि का मध्यमाहेश्वर में, बैल की पीठ की आकृति-पिंड के रूप का श्री केदारनाथ में पूजन होता है। इसके अलावा भगवान शिव की जटा कल्पेश्वर में प्रकट हुई और मुख रुद्रनाथ में। इन पांच स्थानों को “पंचकेदार” कहा जाता है। इन्हीं में से एक है ‘रुद्रनाथ मंदिर’

इसे भी देखें…जानिए कलयुग में भगवान शिव कहां करते हैं वास

रुद्रनाथ मंदिर की यात्रा

भोलेनाथ के प्राचीन मंदिर रुद्रनाथ की यात्रा ऐतिहासिक स्थल गोपेश्वर से शुरू होती है। इस स्थान पर प्राचीन  गोपीनाथ मंदिर के दर्शन भी होते हैं। इस मंदिर में एक लौह त्रिशूल भी विशेष रूप से दर्शनीय है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु इस पावन लौह त्रिशूल के दर्शन जरूर करते हैं। गोपेश्वर से सगर गाँव तक बस के द्वारा पहुंचा जाता है। इसके बाद की यात्रा पैदल करनी पड़ती है। सगर गांव से लगभग 4 किलोमीटर की चढ़ाई करने के बाद मुख्य यात्रा शुरू होती है। यह यात्रा पुंग बुग्याल से आरम्भ होती है। यहां बताने योग्य है कि पहाड़ों की चोटियों पर मौजूद हरे मखमली घास के मैदानों को स्थानीय भाषा में बुग्याल कहा जाता है। बुग्याल मुख्य रूप से हिम रेखा और वृक्ष रेखा के बीच का क्षेत्र होता है। बुग्यालों में ही स्थानीय लोग अपने मवेशियों को चारे के लिए लेकर आते हैं। बुग्यालों व चढ़ाइयों को पार करने के बाद पित्रधार नामक स्थान आता है जहाँ भगवान शिव व माता पार्वती के साथ ही नारायण मंदिर है। इस स्थान पर यात्री अपने पितरों के नाम के पत्थर रखते हैं। पित्रधार पहुंचने के बाद चढ़ाई खत्म होती है और उतराई शुरू होती है। यहां से 10-11 किलोमीटर चलने के बाद दर्शन होते हैं पावन स्थान ‘रुद्रनाथ मंदिर’ के।

होते हैं दुर्लभ पाषाण मूर्ति के दर्शन

रुद्रनाथ मंदिर’ पहुंचते ही भक्तों की सारी थकावट दूर हो जाती है। इस स्थान पर विशाल प्राकृतिक गुफा में बने मंदिर में भगवान शिव की दुर्लभ पाषाण मूर्ति के दर्शन होते हैं। भगवान शिव गर्दन टेढ़े किये हुए अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। मान्यता है कि भोलेनाथ की यह दुर्लभ मूर्ति स्वयंभू है और आज तक इसकी गहराई का पता नहीं लग सका है। मंदिर के नजदीक वैतरणी कुंड में विष्णु जी के दर्शन होते हैं। मंदिर के पास ही नारद कुंड है, जहां यात्री स्नान करने के बाद भोलेनाथ के दर्शन करते हैं।

इसे भी देखें…भगवान शिव के आंसू से बना था पाकिस्तान स्थित मंदिर में यह कुंड

मंदिर तक कैसे पहुंचें

परंपरा के अनुसार रुद्रनाथ के कपाट खोले व बंद किए जाते हैं। सर्दी के मौसम में छह महीने के लिए नीलकंठ महादेव की गद्दी गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में स्थापित की जाती है। इसी स्थान पर ही इन छह महीनों तक  भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाती है। रुद्रनाथ की यात्रा मई महीने में आरंभ होती है। रुद्रनाथ मंदिर तक पहुंचने के लिए पहले आपको ऋषिकेश जाना पड़ेगा। ऋषिकेश से लगभग 212 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है रुद्रनाथ मंदिर। ऋषिकेश तक रेल, बस या हवाई जहाज़ से पहुंचा जा सकता है। ऋषिकेश से गोपेश्वर तक बस या टैक्सी द्वारा पहुंच सकते हैं। गोपेश्वर से रुद्रनाथ मंदिर की यात्रा शुरू होती है।

विशेष नोट

यात्रा के दौरान अपने खाने-पीने और रहने का इंतज़ाम यात्रियों को खुद करना पड़ता है। इस लिए अपने साथ टेंट व खाने-पीने के सामान के अलावा रस्सी, टार्च व डंडा इत्यादि जरूर लेकर जाएं। यात्रा के रास्ते में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कोई साइन बोर्ड नहीं हैं। इसलिए पहली बार यात्रा पर जाने से पहले अपने साथ गाइड जरूर रखें।

इसे भी देखें…51 शक्तिपीठों में से एक है… ‘मां माया देवी शक्तिपीठ’

धर्मेन्द्र संधू

LEAVE A REPLY