खून की कमी को दूर कर…वजन बढ़ाता है यह गुणकारी फल

गर्मियों का तोहफा और फलों का राजा ‘आम’ ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। ‘आम’ खाने में तो स्वादिष्ट होता ही है। साथ ही यह कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं को भी दूर करता है। आज हम आपको ‘आम’ खाने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानकारी देंगे।

‘आम’ में पोटेशियम, मैग्निशियम और कॉपर जैसे खनिज पदार्थों के साथ ही बीटाकेरोटीन, क्वारसीटिन और एस्ट्रागालीन जैसे तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा ‘आम’ में फाइबर, विटामिन बी-6, विटामिन ए और विटामिन सी भी होता है। गर्मी के मौसम में कई किस्मों का आम बाजार में उपलब्ध होता है। भारत में आम की 1,000 से अधिक किस्में पाई जाती हैं। आम का उपयोग केवल फल के रूप में ही नहीं होता बल्कि आम का इस्तेमाल सब्जी, चटनी, अचार, शेक, पना, जूस, कैंडी, खटाई और आम पापड़ बनाने के लिए भी किया जाता है। इसके अलावा आम को सुखाकर इसका आमचूर या आमचूर्ण भी बनाया जाता है जिसका उपयोग कई प्रकार की खाने-पीने की चीजों के स्वाद को बढ़ाने के लिए होता है।

इसे भी पढ़ें…पुरानी से पुरानी खांसी व पेट के रोग जड़ से खत्म करेगा… इस पेड़ का फल

‘आम’ खाने के फायदे

पाचन तंत्र के लिए है फायदेमंद

‘आम’ खाने से पाचन तंत्र में भी सुधार होता है। ‘आम’ एक प्राकृतिक पाचक है जो पाचन प्रक्रिया में सहायक सिद्ध होता है। ‘आम’  के सेवन से अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलता है। आम में भोजन को पचाने वाले एंजाइम्स होते हैं जो भोजन को पचाने में मदद करते हैं और पेट की समस्याओं से राहत दिलाते हैं।

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में करे मदद

नियमित रूप में ‘आम’ खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। ‘आम’ में पाया जाने वाला बीटा-केरोटीन नामक तत्व रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे सर्दी-जुकाम और कई प्रकार के संक्रमण से बचाव होता है।

लू लगने से करे बचाव

गर्मी के मौसम में ‘आम’ का सेवन लू से बचाव करता है। इसके लिए कच्चे आम के रस और पानी का मिश्रण बनाकर पीना फायदेमंद रहता है, इससे शरीर को ठंडक मिलती है। गर्मी के मौसम में दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से पहले एक गिलास आम का पना पीकर निकलने से धूप के प्रभाव और लू लगने से बचा जा सकता है। आम का पना शरीर में पानी के स्तर को सही रखने में सहायता करता है।

इसे भी पढ़ें…गुणों का खज़ाना है ‘तरबूज’….जानिए तरबूज खाने का सही तरीका

ब्लड प्रेशर को करे कंट्रोल

‘आम’ में ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने वाले गुण पाए जाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में आम खाने से फायदा होता है। आम में पोटेशियम और मैग्निशियम के साथ ही विटामिन भी प्रचूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह तत्व ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखते हैं।

दिमाग की कार्य क्षमता को बढ़ाए

‘आम’ में दिमाग यानि मस्तिष्क की कार्य क्षमता को बढ़ाने वाले गुण भी पाए जाते हैं। नियमित रूप में आम खाने से मस्तिष्क की कार्यप्रणाली बेहतर होती है। आम का सेवन याददाशत बढ़ाने में मदद करता है। आम में मौजूद ग्लूटामिन एसिड नामक तत्व से स्मरण शक्ति बढ़ती है।

खून की कमी को करे दूर

‘आम’ आयरन का अच्छा स्त्रोत है। आयरन तत्व शरीर में खून की कमी को दूर करता है। खून की कमी यानि एनीमिया को दूर करने के लिए आम का सेवन करने से फायदा होता है। इसके लिए नियमित रूप से आम खाने से शरीर में खून की मात्रा बढ़ती है और एनीमिया के रोग से छुटकारा मिलता है।

इसे भी पढ़ें…कब्ज़ से लेकर पेट के रोग होंगें दूर…बस दूध में मिलाएं यह चीज़… 

वजन बढ़ाने में करे मदद

अगर आपका वजन कम है और आप वजन बढ़ाना चाहते हैं तो आम का सेवन जरूर करें। आम में पाए जाने वाले पोषक तत्व वजन बढ़ाने में मदद करते हैं। 150 ग्राम आम में 86 कैलोरी के करीब ऊर्जा होती है। साथ ही आम में पाया जाने वाला स्टार्च शुगर में परिवर्तित होकर वजन बढ़ाने में सहायता करता है।

कैंसर से करे बचाव

आम में घुलनशील फाइबर पाए जाते हैं जो कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करते हैं। आम में मुख्य रूप से पेक्टिन नामक फाइबर पाया जाता है। यह पेक्टिन फाइबर कोलेस्ट्रोल के स्तर को कम करता है। जिससे कैंसर होने की संभावना कम हो जाती है। आम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोलोन कैंसर, ल्यूकेमिया और प्रोस्टेट कैंसर से बचाव करने में मदद करते हैं।

त्वचा के लिए है गुणकारी

‘आम’ खाना त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। आम खाने से त्वचा के बंद पड़े छिद्र खुल जाते हैं और मुंहासें दूर होते हैं। आम खाने के साथ ही आम के गूदे को कुछ देर के लिए चेहरे पर लगाकर रखें। 10 मिनट बाद चेहरे को धो लें, इससे भी चेहरे के बंद छिद्र खुल जाते हैं। साथ ही समय से पहले दिखने वाले बुढ़ापे के लक्षण भी कम होते हैं। आम में पाए जाने वाले पोषक तत्व व विटामिन सी शरीर में कोलाजेन प्रोटीन का निर्माण करने में मदद करते हैं। कोलाजेन ब्लड वेसलस और शरीर के कनेक्टिव टिशू को सुरक्षा प्रदान करने का कार्य करता है, जिससे उम्र से पहले आने वाले बुढ़ापे के लक्षण कम हो जाते हैं।

इसे भी पढ़ें…पेट से लेकर.. हर रोग से होगा बचाव… करें इसका सेवन

आंखों के लिए है लाभकारी

गर्मियों के मौसम का उपहार ‘आम’ आंखों के लिए भी लाभकारी है। आम खाने से आंखों की रोशनी बढ़ती है। इसके लिए आप आम खा भी सकते हैं और इसका शेक बनाकर भी पी सकते हैं। आंखों की रोशनी को बढ़ाने के साथ ही आम में पाए जाने वाले तत्व व विटामिन ए आंखों के रोगों जैसे रतौंधी इत्यादि से भी बचाव करते हैं।

गर्भवती महिलाओं के लिए है लाभदायक

गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं में अकसर खून की कमी हो जाती है इसलिए उन्हें आयरन की जरूरत रहती है। लेकिन ‘आम’ खाने से आयरन की कमी दूर हो जाती है। किन्तु आम का सेवन करने से पहले एक बार डाक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

धर्मेन्द्र संधू

LEAVE A REPLY