गर्मी के मौसम में यह फल रखेगा आपकी सेहत का पूरा ख्याल…

आज हम आपको प्रकृति द्वारा दिए गए एक ऐसे उपहार के बारे में जानकारी देंगे जो खाने में तो स्वादिष्ट होता ही है साथ ही शरीर के लिए भी बेहद फायदेमंद है। हम बात कर रहे हैं गुणों के खज़ाने फल बेलकी। बेल फल को अंग्रेज़ी भाषा में वुड एपलकहते हैं। इसके अलावा बेल को पत्थर सेब या लकड़ी सेब भी कहा जाता है। हिन्दू धर्म में बेल के पेड़ को पवित्र माना जाता है और इसके पत्ते भगवान शिव को अर्पित किए जाते हैं।

इसे भी देखें ….गर्मी के मौसम का यह तोहफा… कई रोगों से करता है बचाव

बेल का बाहरी छिलका या हिस्सा कठोर होता है व यह दिखने में गोल होता है। इसमें से निकलने वाले मीठे, सुगंधित और रेशेदार गूदे का इस्तेमाल खाने के लिए किया जाता है। इसके अलावा बेल के पेड़ के सभी भागों का प्रयोग आयुर्वेद में कई प्रकार के रोगों से निजात पाने के लिए किया जाता है। मुख्य रूप से इसमें पाया जाने वाला बीटा कैरोटीन दिल के लिये फायदेमंद होता है।

बेल फल के सेवन के लाभ

दिल के लिए है फायदेमंद

बेल के फल का नियमित रूप से सेवन करने से दिल के रोगों से बचाव होता है। इसके लिए बेल का जूस या शेक बनाकर भर पी सकते हैं। इससे दिल की कार्य क्षमता बढ़ती है और खून भी साफ होता है।

शरीर को दे ठंडक

गर्मी से बचाव करने के लिए बेल के फल या बेल के जूस का सेवन करना चाहिए। इसके सेवन से शरीर को ठंडक मिलती है। इसके अलावा इसके उपयोग से प्यास भी बुझती है और एसिडिटी व बदहजमी और मुंह के छाले भी ठीक होते हैं।

इसे भी देखें ….किडनी व लीवर के रोगों से होगा बचाव…जान लीजिए पानी पीने का यह तरीका


मधुमेह के रोग में है लाभकारी

बेल के पत्तों में पाए जाने वाले औषधीय गुण यूरिया, कोलस्ट्रॉल और शुगर के लेवल को कम करते हैं। बेल पत्तों को सुखाकर इनका काढ़ा बनाकर नियमित रूप में पीने से खून में शुगर का लेवल नियंत्रित रहता है।

कैंसर से करे बचाव

बेल फल में कैंसर से लड़ने वाले गुण भी पाए जाते हैं। बेल में एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-प्रोलिफायरेटिव और एंटी-मेटाजेन गुण भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो कैंसर के रोग से बचाव करते हैं और ट्यूमर की कोशिकाओं के विकास को रोकते है। इन गुणों के कारण बेल कैंसर के इलाज में बहुत उपयोगी सिद्ध होता है।

गठिया में दे आराम

बेल का उपयोग गठिया के रोग में भी लाभकारी है। बेल में एंटी ऑक्सीडेंट तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। जिससे सूजन और दर्द में आराम मिलता है। इसके लिए कच्चे बेल के गुद्दे को पीसकर थोड़ा सा सरसों का तेल गर्म करके मिला लें। इस लेप को रोजाना जोड़ो पर लगाने से सूजन और दर्द में आराम मिलता है।

कब्ज को करे दूर

पेट को साफ करने के लिए पके हुए बेल का सेवन करने चाहिए । यह आंतों को साफ करने में सहायता करता है। नियमित रूप से बेल का सेवन करने से पेट की कई समस्याओं में आराम मिलता है। कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए बेल के गूदे को दूध और चीनी डालकर शेक बनाकर पीना फायदेमंद रहता है। 

इसे भी देखें ….थायराइड की समस्या से मिलेगा छुटकारा… जान लीजिए यह बातें

बवासीर की समस्या दे आराम

बवासीर के रोग में भी बेल व बेल के पत्ते लाभदायक हैं। बेल में पाए जाने वाले एंटी-इंफ्लामेशन गुण सूजन को कम करते हैं। इसके लिए बेल के सूखे पत्ते, अदरक कैरम के बीज में चुटकी भर काली मिर्च को मिलाकर पाउडर बना लें। इस पाउडर को गुनगुने पानी के साथ दिन में तीन बार पीने से फायदा होता है।

अल्सर के उपचार में करे मदद 

बेल के फल के साथ ही इसके पत्ते भी सेहत के लिए फायदेमंद हैं। अल्सर के इलाज में पत्तों का सेवन करने से लाभ होता है। इसके लिए रात भर बेल के पत्तों को पानी में भिगोकर उस पानी को पीने से अल्सर में आराम मिलता है। साथ ही पके हुए बेल के फल में पाए जाने वाले तत्व अंदरूनी कोशिकाओं का नुकसान होने से बचाव करते हैं।

बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए है लाभदायक

बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए है बेल का सेवन बेहद फायदेमंद है। इससे दूध में वृद्धि होती है। इसके लिए बेल के फल को सूखाकर पाउडर बना लें। इस पाउडर को गुड़ के साथ मिलाकर पीने से लाभ होता है। 

इसे भी देखें ….लंबी उम्र भोगनी है… तो भूलकर भी न करें यह काम

दस्त के उपचार में है लाभदायक

डायरिया होने पर बेल के फल का उपयोग करने से फायदा होता है। इसके लिए बेल के कच्चे फल का प्रयोग किया जाता है। बेल के कच्चे फल को काटकर सुखाकर बारीक पीस लें और डायरिया होने पर इस पाउडर को गर्म पानी और चीनी के साथ मिलाकर दिन में दो बार पीने से लाभ होता है। 

बेल के सेवन के नुकसान

जहां बेल के सेवन के कई लाभ हैं। वही कुछ स्थितियों में इसके सेवन से नुकसान भी हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान बेल से परहेज़ करना चाहिए या फिर डाक्टर की सलाह से ही बेल खाएं या इसका जूस पीएं। मधुमेह यानि शुगर होने पर डाक्टर की सलाह जरूर लें क्योंकि इसके उपयोग से शरीर में ब्लड शुगर का स्तर कम हो जाता है।

धर्मेन्द्र संधू

LEAVE A REPLY